पिछले तीन साल से दोषियों पर लगातार कार्रवाई, किसी को नहीं मिल रहा संरक्षण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

 पिछले तीन साल से दोषियों पर लगातार कार्रवाई, किसी को नहीं मिल रहा संरक्षण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

एसीबी-ईओडब्ल्यू की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री का बयान, कहा- जांच में दोषी पाए जाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, निकाय चुनाव से लेकर विकास कार्यों तक रखी अपनी बात



रायपुर, 24 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की लगातार जारी कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल से दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जा रहा है, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई हो रही है। सरकार की ओर से किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं दिया जा रहा है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की नीति स्पष्ट है। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, यदि जांच में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।


कोरबा में रिश्वतखोरी पर एसीबी की कार्रवाई


हाल ही में कोरबा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली थी। एसीबी की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को गिरफ्तार किया था। उन पर कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को एसीबी की टीम ने उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया तथा छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने निलंबन संबंधी आदेश भी जारी किया।


निकाय चुनाव को लेकर भी दिया बयान


आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं। पंचायत से लेकर नगरीय निकाय तक हर स्तर के चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। लोकतंत्र में प्रत्येक चुनाव का अपना महत्व है और सरकार चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी बात जनता के बीच रखती है।


50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने पर जताया आभार


मुख्यमंत्री साय ने देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले ये लोग अत्यंत गरीब श्रेणी में आते थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। यह देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।


हाथियों के आतंक पर सरकार और वन विभाग सतर्क


प्रदेश में हाथियों के बढ़ते आतंक को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्या गंभीर है, लेकिन सरकार और वन विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे को लेकर मोबाइल फोन के माध्यम से भी सूचनाएं भेजी जा रही हैं, ताकि ग्रामीण समय रहते सतर्क होकर किसी अनहोनी से बच सकें।


विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन की तैयारी


मुख्यमंत्री ने भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन तीनों निगम क्षेत्रों में पिछले दिनों जो विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, उनका लोकार्पण किया जाएगा। वहीं स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। इन कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल होंगे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !