25 करोड़ रुपये से बनेगा छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग, शहर को भारी वाहनों से मिलेगी राहत
9 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण जारी, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया निरीक्षण; गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश
धमतरी। जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश से राहत दिलाने के लिए छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग का निर्माण करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। 9 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी इस सड़क के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ धमतरी शहर में यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में निर्माण के प्रारंभिक चरण में पेड़ों की कटाई और सड़क समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है।
इस सड़क के निर्माण से छाती, गागरा, कंडेल, देवपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही भारी वाहन छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग से कोलियारी होते हुए नगरी और ओडिशा की ओर जा सकेंगे। इससे भारी वाहनों को धमतरी शहर के भीतर से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी।
मार्ग के चालू होने से शहर में यातायात का दबाव कम होने, जाम की समस्या से राहत मिलने और सड़क सुरक्षा में सुधार होने की संभावना है। यह सड़क ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को निर्माण कार्य शासन के निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की निर्धारित चौड़ाई, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सतिन्दर चहल, एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, एसडीओ मुरलीधर पैकरा, जनपद पंचायत धमतरी की सीईओ वर्षा रानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


