आस्था के सफर पर निकले नगरी के 60 श्रद्धालु, जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमनाथ और नागेश्वर मंदिर के करेंगे दर्शन, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने दी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं
नगरी। धार्मिक आस्था और तीर्थ दर्शन की अभिलाषा लिए नगरी क्षेत्र के 60 श्रद्धालु सोमवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पावन यात्रा पर रवाना हुए। तीर्थयात्रियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया और उनकी सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस यात्रा में जनपद पंचायत नगरी क्षेत्र के 48 तथा नगर पंचायत नगरी क्षेत्र के 12 तीर्थयात्री शामिल हैं। श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर एवं नागेश्वर मंदिर के दर्शन कर धार्मिक यात्रा का लाभ लेंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि तीर्थ दर्शन प्रत्येक श्रद्धालु की आस्था और जीवन से जुड़ी एक विशेष अभिलाषा होती है। लेकिन आर्थिक और शारीरिक परिस्थितियों के चलते कई बुजुर्ग एवं जरूरतमंद लोग अपनी इस इच्छा को पूरा नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना ऐसे लोगों के लिए आस्था के इस सपने को साकार करने का माध्यम बन रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा बुजुर्गों और पात्र नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विकास के लिए भी भगवान से प्रार्थना करने का आग्रह किया।
तीर्थयात्रियों की रवानगी के दौरान जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, जनपद सभापति राजेश नाथ गोसाई, जनपद सदस्य नंदनी साहू, पार्षद चेलेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, जयन्ती टूकेश्वरी साहू, अलका साव तथा एल्डरमैन प्रतिमा देवांगन एवं गौरव तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी यात्री धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकुशल अपने घर लौटें। इस पहल से क्षेत्र के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

