धान खरीदी में किसानों की बढ़ती भागीदारी, अब तक 6,694 किसानों से 23 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी
26 नवंबर के लिए 1,813 टोकन जारी, 2,674 किसानों ने 101.32 हेक्टेयर कृषि रकबे का किया समर्पण
उत्तम साहू
धमतरी, 25 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। अपनी उपज बेचने के लिए बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन प्रणाली के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। वहीं, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रकबा समर्पण का कार्य भी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 6,694 किसानों से कुल 23,093.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 26 नवंबर के लिए 1,813 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 6,870.27 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। इससे जिले में धान उपार्जन की प्रक्रिया में किसानों की बढ़ती भागीदारी का पता चलता है।
इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था में रकबा समर्पण को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। धान विक्रय के बाद शेष अथवा उपयोग में नहीं आने वाले कृषि रकबे का किसान समर्पण कर रहे हैं। अब तक जिले के 2,674 किसानों ने कुल 101.32 हेक्टेयर कृषि रकबे का समर्पण किया है। इससे वास्तविक कृषि उपयोग के अनुरूप अभिलेखों का संधारण करने और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में सही तौल, धान की गुणवत्ता जांच और सुरक्षित भंडारण के साथ टोकन के अनुसार खरीदी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है। इसके लिए जिले में खरीदी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

