टांगापानी में नया धान खरीदी केंद्र शुरू, 850 किसानों को मिली बड़ी राहत
अब सेमरा जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, आसपास के 8-9 गांवों के किसानों को गांव के नजदीक मिलेगी धान बेचने की सुविधा
उत्तम साहू
धमतरी, 15 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर टांगापानी में नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है। लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने से अब आसपास के 8-9 गांवों के लगभग 850 किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि टांगापानी क्षेत्र के किसान पहले धान बेचने के लिए सेमरा (सिहावा) उपार्जन केंद्र जाते थे। अधिक दूरी होने के कारण उन्हें परिवहन खर्च, समय और अतिरिक्त मेहनत उठानी पड़ती थी। वहीं, छोटे उपार्जन केंद्र पर लगभग 1,400 किसानों का दबाव रहने से खरीदी के दौरान भीड़ और असुविधा की स्थिति बनती थी। नए केंद्र के प्रारंभ होने से किसानों का दबाव कम होगा और खरीदी व्यवस्था भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।
पहले दिन 58 क्विंटल धान की खरीदी
नवीन धान खरीदी केंद्र में पहले ही दिन किसानों में उत्साह देखने को मिला। टोकन के माध्यम से दो किसानों ने कुल 58 क्विंटल धान का विक्रय किया। इसमें ग्राम खड़पथरा के किसान मोतीराम ध्रुव, पिता रामभुवन ने 40 क्विंटल तथा धर्मेंद्र कुमार निषाद, पिता प्यारीलाल निषाद ने 18 क्विंटल धान बेचा। किसानों ने नए केंद्र की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब दूर जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और समय व परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ समिति अध्यक्ष एवं ग्राम ठेमली के सरपंच रामसिंग मरकाम ने किया। इस अवसर पर यशवंत मंडावी, नील कुमार कोडोप्पी, मुकेश कुमार कुंजाम, सोहन लाल साहू, अमर सिंह, धनसाय नागवंशी, पंचम सिंह सलाम, सूरजभान सलाम, शोभाराम नागवंशी, गोविंद मरकाम, अनूप कुमार साहू, राधेश्याम नाग, किसान संघ अध्यक्ष पुनीत राम साहू, जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप, अर्जुन सिंह देवांगन, विनय देवांगन, कुमार डोटे, पूर्व सरपंच बिसन्तीन पालेश्वर, मीना नेताम एवं गणेशिया मरकाम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी, किसान संघ के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों को नजदीक में सुविधा देना प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी उपज का सुगमतापूर्वक विक्रय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। नए धान उपार्जन केंद्रों की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपने गांव और क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिले, जिससे उनका समय, श्रम और परिवहन व्यय बचे। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी, आवश्यक व्यवस्थाओं और किसानों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत से टांगापानी क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इससे न केवल किसानों को आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर धान खरीदी व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



