दुगली के चिन्हारी महोत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, शहीद निर्मल सिंह नेताम के बलिदान को किया नमन

0

दुगली के चिन्हारी महोत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, शहीद निर्मल सिंह नेताम के बलिदान को किया नमन

लोककला, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिला सम्मान; राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखी रंगारंग छटा


उत्तम साहू 

नगरी/धमतरी। प्रतिभाओं को पहचान देने, लोकसंस्कृति की जड़ों को मजबूत करने और क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अनूठा मंच बना दुगली का चिन्हारी महोत्सव 2026। वनांचल की सांस्कृतिक धरती पर आयोजित इस महोत्सव में सम्मान, स्वाभिमान, शहादत और लोककला का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच पर सम्मानित किया गया।


धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत दुगली में माता अंगारमोती के पावन प्रांगण में शुक्रवार को फूल मंडाई के अवसर पर माता अंगारमोती लोककला संस्कृति विचार मंच एवं सेवा समिति दुगली द्वारा 11वें ऐतिहासिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता अंगारमोती को फूल अर्पित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के निर्वहन के साथ हुई। इसके बाद छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह, क्षेत्र के वीर शहीद निर्मल सिंह नेताम और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्राम प्रमुखों, समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर महापुरुषों के बलिदान को नमन किया।


शहीद परिवार का सम्मान बना समारोह का भावुक क्षण


समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण पल वह रहा, जब शहीद निर्मल सिंह नेताम की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी सोमवती नेताम सहित पूरे परिवार को साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से आयोजकों ने शहीद के बलिदान और परिवार के त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके साथ ही सेवानिवृत्त सैनिक बसंत सिंह सोरी, ग्राम दिनकरपुर को सैनिक सम्मान प्रदान किया गया।


मेधा से लेकर सेवा तक, प्रतिभाओं को मिला मंच


शिक्षा के क्षेत्र में शहीद निर्मल सिंह नेताम प्रतिभावान छात्र सम्मान के तहत वनांचल के दसवीं और बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। दसवीं में माधुरी नेताम, ग्राम कौव्हाबाहरा को प्रथम तथा तरुणा, ग्राम कर्राघाटी को द्वितीय स्थान के लिए सम्मान मिला। वहीं बारहवीं में देवकुमार यादव, ग्राम सराईटोला को प्रथम तथा चंद्रमणी, ग्राम दलदली को द्वितीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।


खेल के क्षेत्र में भावेश सिन्हा, जयंत कुमार, साहिल कुमार, दीपेश कुमार, देवेश कुमार, सूर्या नेताम, राहुल कुमार, नरेंद्र कुमार, सांवनी कावड़े और वैशाली सहित खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।


स्वास्थ्य एवं पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में दशरथ नेताम बांधा, खेमराज सेन दिनकरपुर और उत्तम ध्रुव मगरलोड को आदिवासी स्थानीय परंपरागत वैद्य सम्मान दिया गया। वहीं मितानिन स्वास्थ्य सेवा सम्मान से ललिता बाई नेताम, कमितला बाई नेताम, भानबाई नेताम और अहिरा बाई मरकाम को सम्मानित किया गया। आयुर्वेदिक एवं हर्बल उत्पादों के क्षेत्र में जय मां बम्लेश्वरी स्व-सहायता समूह दुगली को सम्मान मिला।


कृषि एवं व्यवसाय के क्षेत्र में हीरा मरकाम को सफल कृषक एवं व्यवसायी तथा मनीष मरकाम को सफल व्यवसायी सम्मान प्रदान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में अभिनव अवस्थी और तोरण निषाद को सम्मानित किया गया। कला के क्षेत्र में कांकेर की पाली उसेंडी को एल्बम कलाकार एवं वीडियो क्रिएटर तथा कोंडागांव के मकसुदन यादव (वायरल भांटो) को उत्कृष्ट कला सम्मान दिया गया। संगीत के क्षेत्र में कांकेर के गीतकार अनिल सलाम को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गांव के बुजुर्गों को प्रेरणा सम्मान देकर उनके अनुभव और सामाजिक योगदान का अभिनंदन किया गया।


लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां


सम्मान समारोह के बाद रात्रिकालीन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोककला एवं संस्कृति पर आधारित राज्य स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसमें विभिन्न जिलों और ओडिशा से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।


सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में अमर ज्योति डांस ग्रुप नवागांव कंचना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बस्तर के चिन्हारी डांस ग्रुप भानपुरी कोंडागांव को द्वितीय तथा सीजी व्यास देवपुर कंडेल को तृतीय स्थान मिला। जय गढ़िया डांस ग्रुप भोथापारा मांडमसिल्ली चौथे, मोर बस्तरिया डांस ग्रुप बिश्रामपुरी पांचवें, अनल डांस ग्रुप कौव्हाबाहरा छठवें और जय मां शीतला डांस ग्रुप खिलौली, ओडिशा सातवें स्थान पर रहा।


युगल नृत्य में दिनेश-रीना डांस ग्रुप देवरी बालोद ने प्रथम, राजनंदिनी कोंडागांव ने द्वितीय तथा शेखर-यश बागबाहरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में कांकेर के धनतुलसी की संगीता कोर्च प्रथम, रायगढ़ की मल्लिका द्वितीय, बालोद के खपरी की मुस्कान साहू तृतीय तथा ओडिशा के राउरकेला के रवि कुमार चतुर्थ स्थान पर रहे।


प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मयाराम टांडेश एवं मनहरण टांडेश ने निभाई, जबकि मंच संचालन आशीष नाग अमाली नगरी ने किया।


सामूहिक प्रयास से साकार हुआ आयोजन


इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक रविशंकर नाग, रविन्द्र देव सोरी, राजाराम मंडावी, भैयालाल ध्रुव, बिंदेश्वर विश्वकर्मा, सुखचंद विश्वकर्मा एवं सरपंच रामेश्वर मरकाम का विशेष मार्गदर्शन रहा। समिति अध्यक्ष सुरेंद्र राज ध्रुव, उपाध्यक्ष सीताराम नेताम, कोषाध्यक्ष शंकरलाल नेताम, महासचिव मनहरण टांडेश सहित समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


चिन्हारी महोत्सव का यह 11वां संस्करण केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज के उन लोगों को पहचान देने का संदेश दिया, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कला, कृषि और सामाजिक सेवा के माध्यम से क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। शहीदों की स्मृतियों को संजोने और नई पीढ़ी में सम्मान, प्रेरणा एवं सामाजिक चेतना जगाने की यह पहल दुगली की सांस्कृतिक पहचान को एक नई मजबूती प्रदान करती नजर आई।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !