राज्योत्सव में धमतरी पुलिस का जागरूकता स्टॉल बना आकर्षण, ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में उमड़ी भीड़
नवीन आपराधिक कानून, यातायात सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी, विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में धमतरी पुलिस का जनजागरूकता स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। पुलिस द्वारा स्थापित ‘सेल्फी विथ मी’ एवं पुलिस कट-आउट फोटो जोन में बच्चों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
2 नवंबर को एकलव्य खेल मैदान, धमतरी में आयोजित राज्योत्सव का शुभारंभ धमतरी पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों के साथ हुआ। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में स्थापित स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को नवीन आपराधिक कानूनों, यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और नक्सल विरोधी अभियानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू और जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुलिस स्टॉल का अवलोकन किया। अतिथियों ने पुलिस के आधुनिक हथियारों, सुरक्षा उपकरणों और जनजागरूकता प्रदर्शनी की सराहना की।
प्रदर्शनी में यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर के दौरान त्वरित सहायता, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी गई। पोस्टर, बैनर, मॉडल और डेमो के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया गया। साथ ही यातायात सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति से संबंधित पाम्पलेट वितरित किए गए।
पुलिस की आर्मोरर टीम, यातायात शाखा, साइबर सेल और थाना स्टाफ ने समन्वित रूप से सहभागिता निभाई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस ने कहा कि जनजागरूकता और जनविश्वास के माध्यम से सुरक्षित समाज का निर्माण करना उसकी प्राथमिकता है।


