दीपावली के दीपों के बीच कौमी एकता और भाईचारे की अनूठी रंगोली
मुस्लिम बेटियों ने हिंदू भाइयों के आंगन में सजाई रंगोली, नगरी में वर्षों पुरानी परंपरा ने दिया सामाजिक सौहार्द का संदेश
उत्तम साहूनगरी। दीपावली का पर्व जहां घर-आंगन को दीपों की रोशनी से जगमगाता है, वहीं यह आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रिश्तों को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है। नगरी नगर पंचायत के चुरियारा पारा मोहल्ले में हिंदू-मुस्लिम परिवारों के बीच वर्षों से कायम आपसी प्रेम और सौहार्द की परंपरा इस दीपावली भी देखने को मिली। यहां दीपों की जगमगाहट के बीच कौमी एकता की ऐसी खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जिसने सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
चुरियारा पारा के एक हिस्से में हिंदू और मुस्लिम परिवार लंबे समय से आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे के साथ निवास करते आ रहे हैं। यहां त्योहार केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सभी मिलकर खुशियां साझा करते हैं। इसी परंपरा की अनूठी मिसाल तब देखने को मिलती है, जब मुस्लिम परिवारों की बेटियां दीपावली के अवसर पर अपने हिंदू भाइयों के घर-आंगन में रंग-बिरंगी रंगोली सजाकर अपनत्व और प्रेम का इजहार करती हैं।
इस वर्ष भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हुमा बेग मिर्जा एवं अतिया बेग मिर्जा ने सामाजिक कार्यकर्ता नरेश छेदैहा के आंगन में आकर्षक रंगोली सजाई। रंगों से सजे आंगन ने दीपावली की खुशियों में चार चांद लगा दिए। यह दृश्य केवल रंगोली कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वर्षों से संजोए गए रिश्तों, विश्वास और आपसी सम्मान का प्रतीक बना।
आज जब समाज में एकता और सद्भाव की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ऐसे में नगरी के चुरियारा पारा की यह परंपरा प्रेरणादायक है। यह संदेश देती है कि धर्म और मजहब अलग हो सकते हैं, लेकिन प्रेम, इंसानियत और भाईचारे के रंग सभी को एक सूत्र में बांधते हैं। दीपावली के दीपों के बीच सजी यह रंगोली वास्तव में कौमी एकता की ऐसी तस्वीर है, जो समाज को सद्भाव और मिल-जुलकर रहने की राह दिखाती है।

