धमतरी में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, फूड पार्क और इंडस्ट्रीयल क्लस्टरों से खुलेंगे रोजगार के द्वार

0

 

धमतरी में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, फूड पार्क और इंडस्ट्रीयल क्लस्टरों से खुलेंगे रोजगार के द्वार

बड़ी करेली में निर्माणाधीन फूड पार्क का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया निरीक्षण, जिले में विकसित किए जा रहे पांच औद्योगिक क्लस्टर; छाती और कचना में मेगा फूड पार्क की भी तैयारी


उत्तम साहू 

धमतरी, 19 नवंबर 2026। कृषि प्रधान धमतरी जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए फूड पार्क और इंडस्ट्रीयल क्लस्टरों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। जिले में उपलब्ध कृषि संसाधनों और धान सहित विभिन्न फसलों के प्रचुर उत्पादन को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं बढ़ रही हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को नगर पंचायत बड़ी करेली में निर्माणाधीन फूड पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का जायजा लेते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा औद्योगिक गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले में पांच इंडस्ट्रीयल क्लस्टर विकसित करने की तैयारी

धमतरी जिले में पांच इंडस्ट्रीयल क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं छाती और कचना क्षेत्र में मेगा फूड पार्क विकसित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। छाती क्षेत्र में बड़े मिल की स्थापना के लिए भी भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

कृषि उत्पादों को मिलेगा बेहतर बाजार

धान उत्पादन में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले धमतरी जिले में राइस मिल, चावल से निर्मित प्रसंस्कृत उत्पाद, पैकेजिंग और धान के उप-उत्पादों पर आधारित उद्योगों की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके अलावा सब्जियों, दलहन और अन्य कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, भंडारण एवं विपणन के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। फूड पार्क के माध्यम से किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन कर उसे बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

औद्योगिक परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ने का मौका मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना से परिवहन, पैकेजिंग, भंडारण सहित अन्य सहायक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर एसडीएम कुरूद-मगरलोड श्री पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित बोरझा सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !