अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का डंडा, कुरूद और केरेगांव में दो कोचिए रंगे हाथों गिरफ्तार
नया बस स्टैंड के पास देशी शराब तो फुटहामुड़ा में बिक रही थी कच्ची महुआ शराब, पुलिस ने शराब और बिक्री रकम सहित 1,810 रुपये का सामान किया जब्त; एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर कार्रवाई तेज
उत्तम साहू,धमतरी, 19 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसते हुए कुरूद और केरेगांव थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब और कच्ची महुआ शराब बेच रहे दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से शराब और बिक्री की नगद रकम सहित कुल 1,810 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुरूद और केरेगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब कोचियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
नया बस स्टैंड के पास चला रहा था शराब बिक्री का धंधा
पहली कार्रवाई कुरूद थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड स्थित शौचालय के पास एक युवक अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संजय नगर कुरूद निवासी 23 वर्षीय ठाकुर राम यादव, पिता स्व. लालजी यादव को शराब बेचते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 960 रुपये तथा बिक्री की 300 रुपये नगद रकम बरामद हुई। पुलिस ने कुल 1,260 रुपये का सामान जब्त किया।
घर के सामने सार्वजनिक जगह पर बेच रहा था महुआ शराब
दूसरी कार्रवाई केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम फुटहामुड़ा में की गई। यहां पुलिस ने आरोपी रमलू नेताम, पिता स्व. रामसिंह नेताम, उम्र 23 वर्ष को उसके घर के सामने सार्वजनिक स्थान पर कच्ची महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3.5 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 350 रुपये तथा बिक्री के 200 रुपये नगद बरामद किए गए। इस मामले में कुल 550 रुपये का सामान जब्त किया गया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस की सख्त चेतावनी
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) ख आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब की अवैध बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार दबिश और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास अवैध शराब बिक्री या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
सवाल सिर्फ दो आरोपियों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने का है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से ऐसे कारोबारियों में सख्त संदेश जाना जरूरी है कि कानून से बचकर अवैध धंधा चलाना अब आसान नहीं होगा।

