सामाजिक सहभागिता की मिसाल बनी सिहावा पंचायत, श्री रामाराव बघेल ने दान किया कंप्यूटर सेट

0

 

सामाजिक सहभागिता की मिसाल बनी सिहावा पंचायत, श्री रामाराव बघेल ने दान किया कंप्यूटर सेट



कलेक्टर अविनाश मिश्रा के हाथों ग्राम पंचायत को सौंपा गया कंप्यूटर सेट, पंचायतीराज मंत्रालय की दानवीर योजना के तहत समाजसेवी ने दिया योगदान


उत्तम साहू 

नगरी/ सिहावा। ग्राम पंचायत सिहावा में सामाजिक सहभागिता और जनहित के कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। भारत सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय की दानवीर योजना के अंतर्गत सिहावा के सामाजिक कार्यकर्ता श्री रामाराव बघेल ने ग्राम पंचायत को कंप्यूटर सेट दान किया। यह कंप्यूटर सेट कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के हाथों ग्राम पंचायत को सौंपा गया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती उषा देवी नाग, उपसरपंच श्री सुनील सिंगसार सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता श्रीरामाराव बघेल की इस पहल की सराहना की गई। उनके द्वारा पंचायत को कंप्यूटर उपलब्ध कराना स्थानीय स्तर पर डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने और पंचायत के कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

वर्तमान समय में ग्राम पंचायतों में विभिन्न शासकीय योजनाओं का संचालन, हितग्राहियों से संबंधित जानकारी का संधारण, ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों का रखरखाव तथा शासन की योजनाओं की प्रगति संबंधी जानकारी ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में कंप्यूटर सेट मिलने से पंचायत के दैनिक कामकाज में सुविधा मिलेगी। साथ ही ऑनलाइन शासकीय कार्यों के निष्पादन में तेजी आने और ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

दानवीर योजना के माध्यम से समाज के सक्षम एवं जागरूक नागरिकों को पंचायतों के विकास में सहयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। श्रीरामाराव बघेल का यह योगदान इस बात का उदाहरण है कि समाज के लोग अपनी क्षमता के अनुसार सार्वजनिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ग्राम पंचायत सिहावा को मिले इस कंप्यूटर सेट से पंचायत के कामकाज को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। यह पहल अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायक है कि वे अपने क्षेत्र के विकास में सहभागी बनकर शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने में सहयोग करें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !