नगरी में कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती, उनके योगदान को किया याद

0

 नगरी में कांग्रेसजनों ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती, उनके योगदान को किया याद



विधायक निवास में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, पुष्पमाला अर्पित कर किया नमन; लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प


उत्तम साहू 

नगरी। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी के नाम से विख्यात स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के तत्वावधान में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। विधायक निवास नगरी में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साहसिक नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश के विकास में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।


कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के अध्यक्ष अनवर रजा, नगर पंचायत नगरी के नेता प्रतिपक्ष हरीश साहू, पार्षद मिक्की गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अयूब खान, एनएसयूआई प्रदेश सचिव सजल नाग, हेमू साहू, महेंद्र पाण्डेय, तमेश्वरी साहू, सहदेव मरकाम एवं चूड़ामणि सोम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा है। 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में जन्मीं इंदिरा गांधी ने वर्ष 1966 में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उनके नेतृत्व में भारत ने राजनीतिक, आर्थिक, कृषि और सामरिक क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।


उनके कार्यकाल में बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को बढ़ावा और वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में ऐतिहासिक विजय जैसे फैसले देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनके नेतृत्व में बांग्लादेश का उदय हुआ। वर्ष 1974 में पोखरण में भारत के पहले परमाणु परीक्षण ने भी देश की वैज्ञानिक एवं सामरिक क्षमता को नई पहचान दिलाई।


कांग्रेसजनों ने कहा कि इंदिरा गांधी ने कठिन परिस्थितियों में भी साहसिक निर्णय लेने का परिचय दिया। उनका व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया तथा देश के निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !