मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सिहावा विधानसभा में राजनीतिक दलों की बैठक, दावा-आपत्तियों की जानकारी की गई साझा

0

 

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सिहावा विधानसभा में राजनीतिक दलों की बैठक, दावा-आपत्तियों की जानकारी की गई साझा

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान, एसडीएम मनोज मरकाम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी


उत्तम साहू 

नगरी। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 56 सिहावा (अजजा) में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2026-27 को लेकर गुरुवार 19 नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय नगरी में दोपहर 4 बजे आयोजित इस बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, दावा-आपत्ति तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनोज मरकाम ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की निर्धारित समय-सीमा और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित मतदान केंद्रों में संचालित किया जा रहा है। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।

बैठक में बताया गया कि 12 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों में प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के आधार पर तैयार दावा-आपत्ति संबंधी साप्ताहिक सूचियों को प्रारूप-9, 10, 11, 11अ एवं 11ब के माध्यम से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने, अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने तथा त्रुटियों में सुधार के लिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता जरूरी है।

बैठक में तहसीलदार चित्रसेन साहू, निर्वाचन शाखा प्रभारी खिलेश पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता अमर सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष राजेश नाथ गोसाईं, अकबर कश्यप, हुमित लिमजा, मानक साहू, चंद्रशेखर अडिल एवं उत्तम साहू सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !