धान खरीदी केंद्र बोरसी और मोहेरा चेकपोस्ट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

0

 

धान खरीदी केंद्र बोरसी और मोहेरा चेकपोस्ट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण



किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी पर जोर, कृषक उन्नति योजना के प्रचार-प्रसार तथा रकबा समर्पण के लिए जागरूक करने के दिए निर्देश


उत्तम साहू 

धमतरी, 24 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार खरीदी केंद्रों एवं सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में अधिकारियों ने धान खरीदी केंद्र बोरसी और मोहेरा चेकपोस्ट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसडीएम कुरूद पीयूष तिवारी, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख एवं शाखा प्रबंधक मगरलोड ने धान खरीदी केंद्र बोरसी पहुंचकर खरीदी प्रक्रिया, किसानों की सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण और शासन के दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों और लाभों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। साथ ही पात्र किसानों को रकबा समर्पण के प्रति जागरूक करने और वास्तविक खेती के अनुरूप पंजीकृत रकबे का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में अनियमितताओं पर रोक लगाने और वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके बाद अधिकारियों ने मोहेरा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। यहां धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। चेकपोस्ट में तैनात कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आवागमन से संबंधित अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण करने को कहा गया।

प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि समर्थन मूल्य पर वास्तविक किसानों से नियमानुसार धान खरीदी सुनिश्चित हो सके और पूरी व्यवस्था निष्पक्ष एवं जवाबदेह बनी रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !