दिनदहाड़े युवती का रास्ता रोककर किया अपहरण, विरोध करने पर गाल को दांत से काटा; एक आरोपी गिरफ्तार
मगरलोड में सनसनीखेज वारदात, बाइक पर जबरन बैठाकर ले जा रहे थे आरोपी; परिजनों और ग्रामीणों की घेराबंदी से बची युवती, मुख्य आरोपी फरार
धमतरी, 24 नवंबर। मगरलोड थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने पहले युवती का पीछा किया, फिर रास्ता रोककर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और दांत से गाल काटकर घायल कर दिया। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दूसरी जगह ले जाने की कोशिश की गई। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से युवती को आरोपियों के चंगुल से बचा लिया गया। मामले में मगरलोड पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 23 नवंबर की सुबह वह अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और पुष्पेन्द्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल उसकी स्कूटी के सामने अड़ाकर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत और बदसलूकी करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती के विरोध और शोर मचाने पर उसका मुंह दबाया तथा गाल को दांत से काटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और ग्राम परसवानी, भोथीडीह तथा राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने लगे।
परिजनों और ग्रामीणों की घेराबंदी से भागा मुख्य आरोपी
घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन, उसके फूफा कैलाश साहू और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दौरान युवती को आरोपियों के कब्जे से बचाया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और संदेही पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष), पिता रेवन यादव, निवासी ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 जब्त की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने पुष्पेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
धमतरी पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

