मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

0

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

छत्तीसगढ़ के 26 वर्ष पूर्ण होने पर जताया गौरव, अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद; कहा- हर गांव में खुशहाली और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प



रायपुर, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। यह दिन प्रदेश के विकास, संघर्ष और उपलब्धियों को याद करने के साथ उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई है। इस सफलता में प्रदेश के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का अविस्मरणीय योगदान है, जिसे प्रदेश सदैव कृतज्ञतापूर्वक याद करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी मिलकर विकसित, समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !