पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन में धमतरी और कुरूद सम्मानित

0

 

पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन में धमतरी और कुरूद सम्मानित

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वनिधि महोत्सव में किया पुरस्कृत, फुटकर विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को मिली सराहना


उत्तम साहू 

धमतरी, 14 नवंबर। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए धमतरी जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। रायपुर संभाग में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में नगर निगम धमतरी और नगर पालिका परिषद कुरूद को सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने दोनों नगरीय निकायों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया। नगर निगम धमतरी के आयुक्त अरुण वर्मा और नगर पालिका कुरूद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र गुप्ता ने यह सम्मान ग्रहण किया।

दोनों नगरीय निकायों को यह सम्मान शहरी फुटकर विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ने, उन्हें ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के लिए मिला है।



प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें और सम्मानपूर्वक आजीविका चला सकें। धमतरी और कुरूद नगरीय निकायों ने पात्र हितग्राहियों की पहचान, पंजीयन और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग कर योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभाई है।

कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। नगर पालिका कुरूद को मिला सम्मान पूरी टीम के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि यह सम्मान कुरूद के लिए गौरव का विषय है। हमारा प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र फुटकर विक्रेता तक पहुंचे। इस उपलब्धि में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ हितग्राहियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

वहीं धमतरी महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह सम्मान फुटकर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। नगर निगम का प्रयास है कि छोटे व्यापारियों को योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ मिले।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दोनों नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों से इसी प्रतिबद्धता के साथ अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की अपील की।

धमतरी और कुरूद को मिला यह सम्मान जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि होने के साथ ही अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !