सांकरा मोड़ पर राहगीर को पीटा,10 हजार लूटे; 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

0

 

सांकरा मोड़ पर राहगीर को पीटा,10 हजार लूटे; 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

फल खरीदने के लिए रुका था युवक, मारपीट कर नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स लेकर हुए थे फरार; पुलिस ने बाइक समेत 3,700 किए बरामद


उत्तम साहू 

धमतरी। राह चलते लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सांकरा मोड़ के पास दिनदहाड़े एक युवक के साथ मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को अर्जुनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28) 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके पास 10 हजार रुपये नकद थे। दोपहर करीब 1:20 बजे सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास वे फल खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान पल्सर बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जेब में रखा 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा एटीएम कार्ड वाला पर्स छीनकर फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पीड़ित द्वारा बाइक का नंबर नोट कर लिए जाने और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू (25) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18) तक पहुंच गई।

पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने लूटे गए 10 हजार रुपये आपस में पांच-पांच हजार बांट लिए थे, जबकि कुछ रकम खाने-पीने में खर्च कर दी। पर्स और उसमें रखे दस्तावेजों को फेंक दिया गया था।

पुलिस ने नितिन साहू के कब्जे से 2,450 रुपये और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक, जबकि संदीप सोरी से 1,250 रुपये बरामद किए। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !