श्रृंगी ऋषि विद्यालय में धूमधाम से मना बाल दिवस, आनंद मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
विद्यार्थियों ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, कुर्सी दौड़ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
नगरी। पीएम श्री शासकीय श्रृंगी ऋषि एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, नगरी में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आनंद मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन किया।
आनंद मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं आकर्षक व्यंजनों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपने स्टॉलों का संचालन किया। मेले में पहुंचे अतिथियों एवं अभिभावकों ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद लिया और उनकी मेहनत एवं हुनर की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. प्रजापति ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के भीतर आत्मविश्वास विकसित करने के साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सहयोग, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता जैसे गुणों का भी विकास होता है।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं संगीत शिक्षक श्री खिलेंद्र साहू एवं श्रीमती मोनिका सिन्हा ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा। बच्चों ने खेल, मनोरंजन और आनंद मेले के माध्यम से बाल दिवस को यादगार बनाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आयोजन में सहभागी सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

