युवा फेस्ट की सार्थकता आई सामने, धमतरी के युवा प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ आईआईटी बॉम्बे के राष्ट्रीय मंच पर चयनित

0

 

युवा फेस्ट की सार्थकता आई सामने, धमतरी के युवा प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ आईआईटी बॉम्बे के राष्ट्रीय मंच पर चयनित

देशभर की सात चयनित टीमों में बनाई जगह, FinEDGE PitchArena-2026 में लाइव पिचिंग के जरिए प्रस्तुत करेंगे अपने स्टार्टअप का आइडिया; कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई


उत्तम साहू 

धमतरी, 18 नवंबर 2026। युवाओं की प्रतिभा को अवसर और नवाचार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित युवा फेस्ट-2026 अब सकारात्मक परिणाम देने लगा है। जिले में आयोजित इस आयोजन के दौरान मिली प्रेरणा और तकनीकी मार्गदर्शन का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। धमतरी के युवा उद्यमी प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी (AutoGST)’ का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के प्रतिष्ठित कार्यक्रम FinEDGE PitchArena-2026 के लिए हुआ है। देशभर से प्राप्त आवेदनों के मूल्यांकन के बाद चयनित सात टीमों में प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप को जगह मिलना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

इस चयन के बाद प्रतीक ताम्रकार को आईआईटी बॉम्बे में आयोजित लाइव पिचिंग सत्र में अपने स्टार्टअप की अवधारणा, तकनीकी नवाचार और व्यावसायिक संभावनाओं को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर चयन से उनके प्रयासों को नई पहचान मिलने के साथ ही जिले के युवाओं के लिए भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

जीएसटी अनुपालन को आसान बनाने की दिशा में पहल

प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ RegTech एवं SupTech यानी नियामक और पर्यवेक्षी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम कर रहा है। इसका उद्देश्य जीएसटी और वित्तीय अनुपालन से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं को तकनीक के माध्यम से अधिक सरल, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है। कर एवं वित्तीय प्रबंधन से संबंधित कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की यह पहल कारोबारियों और संबंधित संस्थाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

युवा फेस्ट की AI कार्यशाला से मिला प्रोत्साहन

गौरतलब है कि धमतरी में 24 एवं 25 अप्रैल को युवा फेस्ट-2026 का आयोजन किया गया था। इसमें युवाओं को तकनीक, खेल, कला, संस्कृति, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला था। आयोजन के अंतर्गत विशेष रूप से आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कार्यशाला में युवाओं को आधुनिक तकनीक, उसके व्यावहारिक उपयोग और नए विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के संबंध में जानकारी दी गई थी।

इसी कार्यशाला से जुड़े प्रतीक ताम्रकार के स्टार्टअप का आईआईटी बॉम्बे के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयन होना युवा फेस्ट की उपयोगिता और उद्देश्य को सार्थक करता है। यह उपलब्धि बताती है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो उनकी प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती है।

कलेक्टर ने कहा- जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रतीक ताम्रकार को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धमतरी जिले के युवा का आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के कार्यक्रम में चयनित होना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। यह जिले में मौजूद युवा प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और नवाचार की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतीक की यह सफलता अन्य युवाओं को भी नए विचारों के साथ आगे आने और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रतीक ताम्रकार की यह उपलब्धि केवल एक स्टार्टअप का चयन नहीं, बल्कि धमतरी में युवाओं के बीच बढ़ती तकनीकी समझ, रचनात्मक सोच और आत्मनिर्भर बनने की आकांक्षा का भी प्रमाण है। युवा फेस्ट-2026 के माध्यम से शुरू हुई प्रेरणा अब राष्ट्रीय मंच तक पहुंच रही है, जो जिले के भविष्य के उद्यमियों के लिए नई उम्मीद और संभावनाओं के द्वार खोलती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !