बेमौसम बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने कलेक्टर के निर्देश

0

 

बेमौसम बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने कलेक्टर के निर्देश

खुले में रखे धान को केप कवर और तिरपाल से ढकने के निर्देश, जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करें अधिकारी


उत्तम साहू 

धमतरी, 20 नवंबर 2026। जिले में असामयिक बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने धान खरीदी केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि बेमौसम बारिश के कारण खरीदी केंद्रों में रखा धान खराब नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों में पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने गुरुवार देर शाम जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि चक्रवात 'अकवन' के प्रभाव से असामयिक बारिश की संभावना को देखते हुए धान के सुरक्षित रखरखाव के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने कहा कि सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग की जाए तथा प्रत्येक स्टैक को पर्याप्त केप कवर और तिरपाल से ढका जाए। केंद्रों में केप कवर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बारिश का पानी जमा न हो, इसके लिए आवश्यक ड्रेनेज व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से बनाई जाए। पानी की निकासी के लिए समुचित इंतजाम रहें, ताकि धान को नमी और बारिश से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम से कहा कि वे धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कराएं।

इसके साथ ही कलेक्टर ने ऐसे धान खरीदी केंद्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां से धान का उठाव पहले किया जाना है। इससे प्राथमिकता के आधार पर धान का परिवहन कर खुले में भंडारित धान की मात्रा कम की जा सकेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरतें, ताकि किसानों से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखा जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !