विश्व आदिवासी दिवस,9 अगस्त को,जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टोरेट सभाकक्ष
उत्तम साहू
धमतरी 08 अगस्त 2023/ छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश और कलेक्टर श्री ऋतुराज रघुवंशी के मार्गदर्शन में विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम दोपहर एक बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव कार्यक्रम में विधायक सिहावा एवं उपाध्यक्ष मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण डॉ.लक्ष्मी ध्रुव बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने जिला स्तरीय कार्यक्रम के सुचारू रूप से आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में व्यक्तिगत वनाधिकार के 12 हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र एवं ़ण पुस्तिका का वितरण किया जाएगा। वहीं सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के तहत दो ग्राम सभा मोहलई एवं कौहिनपारा के अध्यक्षों को मान्यता पत्र वितरित किया जाएगा। इसी तरह कृषि विभाग के 10 वन अधिकार प्राप्त हितग्राहियों को उड़द मिनीकीट, उद्यान विभाग के 10 वन अधिकार प्राप्त हितग्राहियों को सब्जी बीज मिनीकीट का वितरण किया जाएगा। साथ ही जिला अंत्यावसायी वित्त विकास निगम धमतरी की ओर से दो हितग्राहियों को ऋण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वेट मशीन, वन विभाग के 14 हितग्राहियों को लाभांश राशि का वितरण और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के 3 उत्कृष्ट विद्यार्थियों, प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास फरसियां की उत्कृष्ट छात्रा और एफआरए सेल में कार्यरत जिला परियोजना समन्वयक एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता को मोमेंटो प्रदाय किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति आयोग रायपुर सुश्री राजकुमारी दीवान, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती कांति सोनवानी, महापौर नगरपालिक निगम धमतरी श्री विजय देवांगन, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री नीशु चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, हितग्राही और अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

