नगरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई..7 लोगों को किया पार्टी से निष्कासित

 नगरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई..7 लोगों को किया पार्टी से निष्कासित

जिला पंचायत प्रत्याशी चयन के विरोध में पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी

भाजपा नेतृत्व ने दिया सख्त संदेश..अनुशासन से कोई समझौता नहीं



उत्तम साहू 

नगरी/ 28 मई 2025 भारतीय जनता पार्टी ने नगरी कार्यालय में हुई अराजक और शर्मनाक घटना के बाद 7 कार्यकर्ताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर की गई, जिसे पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने आदेश के रूप में जारी किया।

निष्कासित किए गए कार्यकर्ताओं में निखिल साहू (प्रदेश युवा मोर्चा सदस्य), शैलेन्द्र धेनुसेवक (अध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, नगरी), भोला शर्मा, गज्जु शर्मा (युवा मोर्चा कार्यकर्ता), रवेन्द्र साहू, संत कोठारी और सुनील निर्मलकर (अध्यक्ष, युवा मोर्चा मंडल नगरी) शामिल हैं।

 घटना ने पार्टी की छवि को पहुंचाया नुकसान

यह घटना उस समय हुई जब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत धमतरी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 से भाजपा ने अरुण सार्वा को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी चयन के विरोध में इन कार्यकर्ताओं ने नगरी नगर के भाजपा कार्यालय में घुसकर कंप्यूटर, फर्नीचर, अलमारी और सदस्यता से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं और जिला अध्यक्ष का पुतला दहन कर पार्टी विरोधी आचरण किया गया।

 कार्रवाई से समर्पित कार्यकर्ताओं को मिला भरोसा

इस अनुशासनहीन घटना से न केवल सिहावा विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश और देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया था। पार्टी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली इस घटना के विरुद्ध हुई यह निष्कासन कार्यवाही भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के मन में पार्टी की नीतियों और अनुशासन के प्रति एक बार फिर विश्वास पैदा करती है। यह संदेश भी स्पष्ट है कि पार्टी विचारधारा और अनुशासन के खिलाफ किसी भी प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !