नगरी..25 सितंबर को राजाबाड़ा में लोकगायिका आरु साहू की प्रस्तुति
उत्तम साहू
नगरी। नवआनंद कला मंदिर नगरी हर वर्ष की तरह इस बार भी नवदुर्गा और विजय दशमी महोत्सव का आयोजन धूमधाम से कर रहा है। इसी श्रृंखला में 25 सितम्बर को नगरी के ऐतिहासिक स्थल राजाबाड़ा में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका आरु साहू अपनी सुमधुर प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
यह कार्यक्रम पूरी तरह नवरात्रि उत्सव को समर्पित है। नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी बिखेरने की परंपरा को जीवित रखने के उद्देश्य से इस विशेष लोकसंगीत संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
बता दें कि पिछले लोकगायिका आरु साहू छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत जगत का बड़ा नाम हैं। वे ददरिया, पंडवानी, डोमरा, सोहर माता सेवा जैसे पारंपरिक लोकगीतों से लेकर आधुनिक लोकधुनों तक अपनी गायकी में प्रस्तुत करती हैं। उनकी प्रस्तुति से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का जीवंत अनुभव मिलेगा।
नवआनंद कला मंदिर नगरी के अध्यक्ष मोरज पटेल ने जानकारी दी कि संस्था का उद्देश्य क्षेत्र की कला और संस्कृति को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी संगीत प्रेमियों, नगरवासियों और आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस लोकसंगीत संध्या को सफल बनाने का आह्वान किया है।

