छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग में 700 पदों पर भर्ती, युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति प्रदान की है। इससे प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में रिक्त पदों की पूर्ति होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
जारी आदेश के अनुसार 625 पद सहायक प्राध्यापक के लिए 25 पद क्रीड़ा अधिकारी के लिए 50 पद ग्रंथपाल के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
इन नियुक्तियों से महाविद्यालयों में शिक्षण-अध्यापन, शोध, खेल गतिविधियाँ और पुस्तकालय प्रबंधन और भी सशक्त होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण वातावरण निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि यह निर्णय युवाओं को रोजगार और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था दोनों को मजबूत करेगा।
गौरतलब है कि पिछले 21 माह में राज्य सरकार ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आदिम जाति विकास सहित कई विभागों में बड़ी संख्या में भर्ती की है। साथ ही शिक्षकों के 5000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।
इस निर्णय से न केवल उच्च शिक्षा में नई ऊर्जा आएगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और भविष्य निर्माण के बड़े अवसर भी सुनिश्चित होंगे।

