धमतरी में दो सड़क हादसों ने ली तीन लोगों की जान, एक बच्ची गंभीर
पहली घटना मेचका थाना क्षेत्र के सांकरा और अरसीकन्हार के बीच की है
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में गुरुवार देर रात दो अलग–अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों ही हादसों में तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही सामने आई है।
पहली घटना : पिता की मौत, पुत्री घायल
पहली घटना मेचका थाना क्षेत्र के सांकरा और अरसीकन्हार के बीच की है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल से घर लौट रहे बाइक सवार पिता और पुत्री को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बच्ची को सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत था और मांदागिरी का निवासी था।
दूसरी घटना : दो युवकों की दर्दनाक मौत
दूसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र के गुजरा के पास की है। देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मार दी और फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल धमतरी लाया।
जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बलराज पटेल (19 वर्ष) और पोखन यादव (30 वर्ष) निवासी ग्राम दरगहन, भखारा के रूप में हुई है।
परिजनों में मचा कोहराम
इन हादसों के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

