🌸 महाष्टमी पर सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ में हुआ भव्य हवन-पूजन..श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
नव कन्याओं एवं लंगरुवा महाराज का पूजन कर कराया गया भोज,
उत्तम साहू
नगरी। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को महाष्टमी पर सिहावा स्थित प्राचीन शीतला शक्ति पीठ में भव्य हवन-पूजन का आयोजन हुआ। सुबह 12 बजे से प्रारंभ हुए हवन का समापन देर शाम तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ शाला में पहुंचे और देवी मां की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
पुजारियों ने माता शीतला की पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। परंपरा अनुसार नव कन्याओं एवं लंगरुवा महाराज का पूजन कर उन्हें ससम्मान भोज कराया गया। हवन में औषधीय युक्त सांखला का प्रयोग किया गया, जिससे वातावरण सुवासित और पवित्र हो उठा। श्रद्धालुओं ने प्रथम अध्याय से लेकर तेरहवें अध्याय तक बारी-बारी से यज्ञ शाला में प्रवेश कर आहुति अर्पित की।
आचार्य चंद्रहास दुबे ने महाष्टमी का महत्व बताते हुए कहा कि इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा की जाती है। उनकी आराधना से मानसिक शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि नवरात्र साधना का पर्व है, जो जप-तप के माध्यम से मन के विकारों का नाश कर आत्मिक शुद्धि और मां की कृपा का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। मुख्य रूप से अध्यक्ष कैलाश पवार, प्रमुख संचालक कलम सिंह पवार, महासचिव नेम सिंह बिशेन, सह सचिव नरेंद्र नाग, नारद निषाद, बुधेस्वर साहू, कोषाध्यक्ष गेंद लाल यादव सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मंदिर परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम भक्तिभाव, आध्यात्मिक उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम रहा।




