धमतरी : दुर्गा पंडाल के पंडा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
उत्तम साहू
धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम धौरा भाटा में नवरात्र के दौरान एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां दुर्गा पंडाल में पंडा की भूमिका निभा रहे युवक विनोद कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर विनोद पंडाल से बाहर निकलकर पास के एक मकान में गए थे। देर तक वापस नहीं आने पर जब लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि विनोद गमछे के सहारे फांसी पर लटके हुए हैं। यह दृश्य देखकर पूरे गांव में मातम छा गया।
नवरात्रि के अवसर पर चल रहे दुर्गा महोत्सव की खुशियां इस घटना से ग़म में बदल गईं। परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए धमतरी जिला अस्पताल भेजा। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

