राजयोग एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन के ग्राम विकास प्रभाग द्वारा ग्रामीण उत्थान हेतु विभिन्न सेवाएँ संचालित
उत्तम साहू
धमतरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सहयोगी संस्था राजयोग एजुकेशन एण्ड रिसर्च फाउण्डेशन समाज के विविध वर्गों को सेवा देने हेतु सतत् सक्रिय है। इसके अंतर्गत युवा प्रभाग, महिला प्रभाग, सामाजिक सेवा प्रभाग, विज्ञान एवं पर्यावरण प्रभाग, चिकित्सा सेवा प्रभाग सहित अनेक प्रभाग कार्यरत हैं।
इसी क्रम में ग्राम विकास प्रभाग ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह प्रभाग गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को नशामुक्त, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही, महिलाओं और युवाओं के सर्वांगीण विकास में भी सहयोग प्रदान कर रहा है।
शाश्वत योगिक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम
ग्राम विकास प्रभाग के अंतर्गत शाश्वत योगिक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित है, जिसके माध्यम से किसानों को रसायनमुक्त व आत्मनिर्भर खेती की पद्धति अपनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। वर्तमान में यह कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के 100 से अधिक गाँवों में संचालित किया जा रहा है।
सेवाकेंद्रों के माध्यम से सेवा
प्रभाग की ओर से धमतरी, भिलाई, दुर्ग, रायपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवाकेंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, योग, ध्यान और ग्रामीण उत्थान से जुड़े कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाते हैं।
संस्था से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण विकास ही सशक्त भारत की नींव है और इसके लिए संस्था द्वारा ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ के सिद्धांत पर आधारित कार्ययोजना तैयार की गई है।

