ग्राम चटोद की महिलाओं को मिला पहला वेतन,कलेक्टर श्री मिश्रा ने सौंपा 4 लाख 76 हजार रुपये का चेक
ग्रीन पटाखा निर्माण में आत्मनिर्भरता का संदेश
उत्तम साहू धमतरी, 08 अक्टूबर 2025
धमतरी जिले के ग्राम चटोद की महिलाओं के लिए आज का दिन गर्व और हर्ष का रहा। स्वयं सहायता समूह ‘बिहान’ से जुड़ी महिलाओं को उनके ग्रीन पटाखों के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए 4 लाख 76 हजार रुपये का पहला वेतन चेक कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा ने सौंपा। यह राशि श्री गणेशा फायर वर्क्स प्रा. लिमिटेड की ओर से प्रदान की गई।
महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता
कलेक्टर श्री मिश्रा ने मौके पर उपस्थित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि जिले में महिलाओं की आजीविका संबंधी गतिविधियों से आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। ग्रीन पटाखों का निर्माण पर्यावरण संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो रही है।
श्री गणेशा फायर वर्क्स प्रा. लिमिटेड के डायरेक्टर श्री अनुज गोयल, अनंत उपाध्याय एवं प्रबंधक आशीष सिंह ने बताया कि ग्राम चटोद की महिलाएं कुशलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। भविष्य में उनके वेतन में वृद्धि पर भी विचार किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में उर्वशी यादव, पुष्पलता, दुर्गा ललिता और कमलेश्वरी साहू सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी महिलाएं ‘बिहान’ स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और सतत आजीविका से संबंधित कार्यों में योगदान दे रही हैं।
इस मौके पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से जिले में आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक परिवर्तन संभव है। उन्होंने सभी महिलाओं को बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

