नहर में डूबने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, सिहावा पुलिस कर रही जांच
हाथ-पैर धोने नहर किनारे गए थे,पैर फिसलने से हुआ हादसा
उत्तम साहू दिनांक 22 अक्टूबर 2025
नगरी/सिहावा। सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुर में बुधवार को दोपहर एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जहां 80 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम देवपुर निवासी रामभुवन कोसरे (लगभग 80 वर्ष) के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि, बुजुर्ग प्रतिदिन की तरह दोपहर के भोजन करने के बाद नहर किनारे हाथ-पैर धोने गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे नहर में गिर पड़े। शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल सिहावा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आकस्मिक मृत्यु (दुर्घटना) प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

