नगरी..सांकरा नहर नाली में लाश मिलने से, इलाके में मची सनसनी
उत्तम साहू 1 अक्टूबर 2025
नगरी। सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत सांकरा के नहर में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस व परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की पहचान आत्माराम मरकाम पिता रामगुलाल मरकाम (आयु लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से फरसिया गांव के निवासी थे और वर्तमान में सांकरा के कोरमूढ़पारा में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आत्माराम की मौत नहर में गिरने से हुई होगी। हालांकि, वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह खेत की ओर जाते समय पानी में शव तैरता देख वे हैरान रह गए। मृतक की पहचान होने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सिहावा पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

