राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाया नवाचार का जज़्बा, "विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत" रहा मुख्य विषय
उत्तम साहू
नगरी। शासन एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के तत्वावधान में डाइट नगरी में राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति समझ, रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर विज्ञान मेला, विज्ञान सेमिनार, विज्ञान नाटिका, मॉडल प्रदर्शन और प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष का मुख्य विषय “विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत” निर्धारित किया गया था।
विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता में शा. उमावि सिहावा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शा. उमावि गट्टा सिली ने द्वितीय और शा. कमार आवासीय विद्यालय नगरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी प्रयोगों, मॉडल्स और नाटिकाओं के माध्यम से विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्युत विभाग नगरी के उप अभियंता श्री मनोहर लाल कुर्मी उपस्थित रहे। नोडल अधिकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री के. आर. साहू, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती माहेश्वरी ध्रुव, सहायक नोडल श्री पितेश कुमार साहू (व्याख्याता शा. उमावि सिहावा), श्रीमती अंजू प्रजापति (व्याख्याता शा. उमावि संकरा), डाइट प्राचार्य श्री पी. के. राय, सेजेस प्राचार्य एस. के. प्रजापति, गुहान नाला प्राचार्य श्री जे. पी. यादव, तथा दुगली प्राचार्य श्री ललित सोम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निर्णायक मंडल में श्री प्रेमलाल साहू, डॉ. आशीष नायक एवं श्री भोजराम साहू शामिल रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




