आय से अधिक संपत्ति का अब तक का सबसे बड़ा मामला
EOW ने सौम्या चौरसिया के खिलाफ पेश किया 8 हजार पन्नों का चालान, 50 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रही आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया पर ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) ने शिकंजा कस दिया है। विभाग ने विशेष न्यायालय में करीब 8 हजार पन्नों का चालान पेश करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक, सौम्या चौरसिया ने अपनी वैध आय 2.51 करोड़ के मुकाबले लगभग 50 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित की। चालान में 45 बेनामी संपत्तियों में निवेश की जानकारी दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया कि 2019 से 2022 के बीच सबसे ज्यादा अवैध निवेश किए गए।
ईओडब्ल्यू ने इसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा “डिसप्रोपोर्शनिट एसेट्स केस” बताया है।
गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया 450 करोड़ के कोल लेवी मनी लॉन्ड्रिंग केस में पहले ही ईडी और बाद में ईओडब्ल्यू की गिरफ्त में आ चुकी हैं। करीब दो साल जेल में रहने के बाद उन्हें तीन माह पहले ही जमानत मिली थी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर वह बेंगलुरु में रह रही हैं और वहीं से न्यायालय में पेश हो रही हैं।

