पथर्रीडीह आवासीय विद्यालय में 12 वीं के छात्र ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
उत्तम साहू
धमतरी। जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में सोमवार देर रात 12 वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से विद्यालय परिसर में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भालूचुआ निवासी हिमांशु नेताम (17 वर्ष) पिता नीलमणी नेताम विद्यालय के छात्रावास में रहकर कक्षा 12वीं में अध्ययनरत था। सोमवार शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच छात्रावास के कमरे में उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही शिक्षक और स्टाफ मौके पर पहुंचे और छात्र को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने उसके सहपाठियों व शिक्षकों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
बताया जा रहा है कि हिमांशु पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विद्यालय प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

