दिल दहला देने वाली घटना..15 दिन के मासूम को कुएं में फेंकने वाली कलयुगी मां गिरफ्तार
कबीरधाम। इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। बोड़ला थाना क्षेत्र में एक मां ने अपनी ममता को कलंकित करते हुए जन्म के मात्र 15 दिन बाद अपने नवजात बेटे को जिंदा कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तब सामने आया जब मर्ग क्रमांक 62/2025 के तहत नवजात शिशु का शव मिलने की सूचना बोड़ला पुलिस को मिली। एसपी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जांच तेज की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने साफ किया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
जांच की कड़ियां जुड़ते-जुड़ते पुलिस आरोपी तक पहुंची 23 वर्षीय समरौतिन बाई बैगा, निवासी चेंदरा दादर (दलदली)। पूछताछ में महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि ग्राम मुडघुसरी में उसने बच्चे को जन्म दिया था, और मायके नवाटोला रानीदहरा आने के बाद परिजनों के बहकावे में आकर उसने मासूम को कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी से घटनास्थल पर नाट्य रूपांतरण भी कराया, जिसकी वीडियोग्राफी अदालत में सबूत के तौर पर पेश की जाएगी।
आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर 25 नवंबर को उसे जेल भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र में सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि मां जैसी पवित्र ममता भी दबाव और बहकावे की शिकार हो जाए? पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

