पत्नी के सामने 60 वर्षीय बुजुर्ग की टंगिए से की हत्या, गांव में दहशत
बीजापुर। बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पूतकेल गांव में गुरुवार रात एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। तीन नकाबपोश हमलावरों ने एक बुजुर्ग ग्रामीण को उनके ही घर में घुसकर मौत के घाट उतार दिया। घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जब 60 वर्षीय धर्मा सोयम अपने घर में आराम कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, तीनों हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में दाखिल हुए। उनके हाथों में चाकू और टंगिया थी। इससे पहले कि धर्मा सोयम कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर बेरहमी से कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी वारदात बुजुर्ग की पत्नी के सामने हुई, जो डर के मारे बदहवास हालत में थी।
मामले में नक्सली संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्या के पीछे नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम का हाथ हो सकता है। इलाके में इससे पहले भी मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्या की घटनाएं सामने आती रही हैं। पिछले महीने नेला कांकेर क्षेत्र में दो ग्रामीणों की हत्या नक्सलियों ने की थी।
घटना की सूचना मिलते ही बासागुड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाप्रभारी दीपक साहू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पत्नी व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
गांव में दहशत, पुलिस अलर्ट
इस वारदात के बाद पूतकेल गांव में डर का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

