छत्तीसगढ़ की बेटी संजूदेवी यादव ने दिलाया अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ग्राम केराकछार में खुशी की लहर

0

 

छत्तीसगढ़ की बेटी संजूदेवी यादव ने दिलाया अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ग्राम केराकछार में खुशी की लहर



कोरबा/पाली।जिला कोरबा ब्लॉक पाली के ग्राम पंचायत केराकछार (चैतमा) की प्रतिभाशाली बेटी संजूदेवी यादव ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्रामवासियों ने संजूदेवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

छत्तीसगढ़ के एक छोटे से गांव से निकलकर एशियाई कबड्डी चैम्पियनशिप, तेहरान (ईरान) में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली संजूदेवी आज प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का गौरव बन गई हैं। वह कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी भी बनी हैं।

▪︎ सामान्य परिवार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

संजूदेवी यादव ग्राम केराकछार की निवासी हैं। उनके पिता रामजी यादव, जो पुट्टी-पेंट का कार्य कर परिवार चलाते हैं, तथा माता अम्बरिका बाई यादव, जो गृहिणी हैं—दोनों ने अपनी बेटी के सपनों को हमेशा समर्थन दिया।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई, जबकि उच्च शिक्षा कटघोरा के सरकारी कॉलेज से पूर्ण की। साथ ही उन्होंने आईटीआई की शिक्षा भी प्राप्त की।

▪︎ 2016 में कबड्डी से जुड़ीं, और शुरू हुआ सुनहरा सफर

संजूदेवी ने कबड्डी खेल की शुरुआत वर्ष 2016 में की। उनके जुनून और प्रतिभा को देखते हुए बहतराई खेल अकादमी, बिलासपुर ने उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रवेश किया।

▪︎ छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी बनीं

एशियाई चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिलाया, जहां वे छत्तीसगढ़ से पहली महिला खिलाड़ी के रूप में चयनित हुईं।

▪︎ कोच और जिला कबड्डी संघ का योगदान

संजूदेवी की इस सफलता में उनके कोचों और जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने उन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया।


संजूदेवी यादव की इस अद्वितीय उपलब्धि ने न केवल केराकछार और पाली ब्लॉक का नाम ऊँचा किया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। ग्रामवासी उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले समय में यह उभरती खिलाड़ी देश को और भी कई अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाएंगी।

समस्त ग्रामवासियों की ओर से संजूदेवी यादव को हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !