धमतरी के कृषक थनेन्द्र साहू को राज्य स्तरीय “डॉ. खूबचंद बघेल पुरस्कार”, जिला पंचायत अध्यक्ष ने दी बधाई
उत्तम साहू
धमतरी। जिले के लिए गौरव का क्षण है, ग्राम हथबंध, विकासखण्ड कुरूद के युवा कृषक श्री थनेन्द्र साहू को उपराष्ट्रपति माननीय श्री सी. पी. राधाकृष्णन द्वारा राज्य स्तरीय कृषक अलंकरण “डॉ. खूबचंद बघेल पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने उन्हें मिठाई खिलाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के बाद यह पहला अवसर है जब धमतरी जिले के किसी किसान को यह राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
33 वर्षीय कृषक थनेन्द्र साहू 4.16 हेक्टेयर रकबे में धान की खेती करते हैं। वे सुगंधित धान की विविध प्रजातियों — नगरी दूबराज, देवभोग, तुलसी मंजरी, जंवाफूल, कबीर भोग के साथ-साथ पिछले सात वर्षों से औषधीय धान (रेड राइस, ब्लैक राइस) की खेती कर रहे हैं, जिसकी मांग राज्य के साथ अन्य राज्यों में भी है।
खेत की मेड़ों पर वे दलहन-तिलहन फसलों की भी खेती करते हैं। श्री साहू ने खेती में गौ-आधारित प्राकृतिक खाद जैसे जीवामृत, घनजीवामृत तथा जैविक कीटनाशक — नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, आग्नेयास्त्र का उपयोग कर लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उनके जैविक उत्पाद न केवल कृषि मेले और विभागीय स्टालों के माध्यम से बेचे जाते हैं, बल्कि ऑनलाइन माध्यम से भी देशभर में विक्रय किए जाते हैं। साथ ही वे पशुपालन एवं मशरूम उत्पादन से भी अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं।
कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत फार्म स्कूल के माध्यम से उन्होंने 25 किसानों को औषधीय धान की खेती के लिए प्रेरित किया है। अपने ग्राम में नव युवक कृषक अभिरुचि समूह का गठन कर उन्होंने युवा किसानों को प्राकृतिक खेती की दिशा में अग्रसर किया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा “श्री थनेन्द्र साहू ने जैविक और औषधीय खेती के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें गर्व है कि धमतरी जिले के युवा किसान को राज्य स्तर पर यह सम्मान मिला है।”

