नगरी-सिहावा अंचल में मौसम का मिजाज बदला, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
रात और सुबह के तापमान में गिरावट, अगले चार दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम
उत्तम साहू
नगरी/ छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। खासतौर पर नगरी-सिहावा क्षेत्र में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। शाम ढलते ही लोगों को अब हल्की ठंड महसूस होने लगी है। चारों ओर जंगलों से घिरे इस अंचल में तापमान में गिरावट साफ महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे म्यांमार क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छंट गए हैं और मौसम शुष्क हो गया है। विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना से इनकार किया है। केवल कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक या छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के उत्तर और दक्षिण भागों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात और सुबह की ठंड में और इजाफा होगा।
बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान पेंड्रारोड रहा, जहां न्यूनतम तापमान मात्र 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा। नगरी-सिहावा क्षेत्र में भी तापमान में लगातार गिरावट के साथ सर्द हवाएं महसूस की जा रही हैं, जिससे लोगों ने अब गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

