आर्थिक संकट से जूझ रही नगरी की बालिका को समाजसेवियों का सहयोग, शासन-प्रशासन से भी मदद की अपील
उत्तम साहू
नगरी। चुरियारा पारा नगरी की प्रियंका धुव, जिनके माता-पिता का पूर्व में देहांत हो चुका है, वर्तमान में अपनी वृद्ध दादी के साथ रह रही हैं। पारिवारिक संकट के बीच अब उनकी दादी की किडनी में गंभीर इंफेक्शन होने से हालात और भी विकट हो गए हैं। आर्थिक रूप से बेहद कमजोर यह परिवार इलाज के लिए संघर्ष कर रहा है।
परिवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए समाजसेवी श्री सन्नी छाजेड, अनिल वाधवानी, पुनम प्रजापति, रूपेन्द्र साहू, खेमराज साहू एवं सत्यम भट आगे आए और प्रियंका के परिवार को आवश्यक राशन सामग्री प्रदान की। समाजसेवियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी उपचार एवं अन्य आवश्यकताओं हेतु हर संभव सहयोग किया जाएगा।
स्थानीय लोगों एवं समाजसेवियों ने शासन-प्रशासन से विशेष अनुरोध किया है कि प्रियंका की दादी के इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके और उपचार सुचारू रूप से जारी रह सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय पर सरकारी सहायता मिलने से बच्ची और उसकी दादी की जान बचाई जा सकती है।

