नगरी पुलिस की कार्रवाई: नाबालिग हिरासत में, तीन बाइक और नकदी बरामद

0

 

नगरी पुलिस की कार्रवाई: नाबालिग हिरासत में, तीन बाइक और नकदी बरामद


उत्तम साहू 

धमतरी। लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर लगी लगाम के तहत थाना नगरी पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लेकर तीन चोरी की मोटरसायकिल और 6,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस के तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सक्रिय निगरानी का परिणाम बताई जा रही है।

        40 हजार की नकदी चोरी का खुलासा

13 मार्च को गांधी उद्यान के सामने स्थित यात्री प्रतिक्षालय में होली पर्व के दौरान नगाड़ा बेचने आए दंपति के बैग से 40,000 रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस जांच में यह मामला नाबालिग आरोपी तक पहुंचा, जिसने पूछताछ में नकदी चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की गई रकम में से 33,700 रुपये आरोपी खर्च कर चुका था, जबकि 6,300 रुपये उसके किराए के कमरे से बरामद किए गए।

दो मोटरसायकिल चोरी के मामले भी सुलझे

नगरी और सिहावा थाना क्षेत्रों में दर्ज दो अलग-अलग मोटरसायकिल चोरी के मामलों का खुलासा भी इसी कार्रवाई में हुआ।

कृषि उपज मंडी परिसर से प्रार्थी जयकिशन दीवान की स्प्लेंडर मोटरसायकिल चोरी हुई थी।

वहीं जेएमएफसी देवपुर गेट के बाहर से नंदकुमार नेताम की पल्सर मोटरसायकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज थी। दोनों मामलों में भी इसी नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है।

बस स्टैंड क्षेत्र से पकड़ा गया

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर चोरी की मोटरसायकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे बस स्टैंड क्षेत्र से हिरासत में लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर ग्राम छिपली स्थित किराए के घर से स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर और बजाज पल्सर सहित तीन मोटरसायकिलें जब्त की गईं।

किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश

नाबालिग आरोपी के खिलाफ सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड, धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अब उससे अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है।

        पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !