भीतररास सिहावा में हुआ गौशाला शेड निर्माण का भूमि पूजन
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया शुभारंभ, कहा “गौसेवा सर्वोच्च सेवा है”
उत्तम साहू
नगरी-सिहावा/ श्री श्रृंगी ऋषि गौशाला जीव रक्षा सेवा समिति, पंडरीपानी (भीतररास) में बुधवार को गौशाला शेड निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही धार्मिक और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। लगभग ₹15 लाख की लागत से बनने वाले इस गौशाला शेड का निर्माण कार्य गौसेवा और पशु संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया और निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “गाय हमारी संस्कृति और आस्था की प्रतीक है। जैसे हम अपनी माता की सेवा करते हैं, वैसे ही हमें गौमाता की सेवा करनी चाहिए। गाय हमें दूध के रूप में अमृत प्रदान करती है, जो हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए अमूल्य है।” उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग पूर्णतः बंद करने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की।
श्री सार्वा ने कहा कि गौसेवा न केवल धार्मिक कार्य है, बल्कि पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि यह गौशाला क्षेत्र में गौ संरक्षण का आदर्श केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भीतररास सरपंच रेमन्त शांडिल्य ने की।
इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष प्रिंस गोलछा, गौ सेवा कोषाध्यक्ष अनिल वाधवानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, प्रांताध्यक्ष गौ सेवक सुबोध राठी, जिलाध्यक्ष गौ सेवा समिति धमतरी हेमराज सोनी, गौ सेवक वैभव गोलछा, नागेन्द्र शुक्ला, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाई, ज्ञानचंद गोलछा, मदन लाल नाग, देवनाथ साहू, उमराव साहू, खेमेन्द्र साहू, हनी कश्यप, रवि भट्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में गौमाता की आरती और प्रसाद वितरण किया गया। ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा का आभार व्यक्त किया और गौशाला निर्माण कार्य में हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया।


