मगरलोड में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, ‘चंगाई प्रार्थना’ के बहाने दिया धर्मांतरण का दबाव
उत्तम साहू
मगरलोड। बीमार बेटी को ठीक करने का लालच देकर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि उपचार का दावा करने वाले चार व्यक्तियों ने न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उस पर धर्मांतरण का दबाव भी बनाया। इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की शिकायत पांच दिन पहले थाने में दर्ज कराई गई थी। पीड़िता के अनुसार, 17 नवंबर को आरोपितों ने ‘प्रार्थना’ कर उसकी बीमार बेटी को ठीक करने की बात कही और इसी बहाने उसे अपने कब्जे में लेकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपित नारायण महार, धनेश साहू, भुनेश्वर साहू और नंद साहू को 21 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया। 22 नवंबर को सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के साथ सामूहिक अनाचार का अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

