भ्रष्टाचार में लिप्त रेंजर पर कार्रवाई,फर्जी भुगतान कर वन विभाग को लगाया चूना
पेंड्रा। मरवाही वनमंडल में भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोपों से घिरे वनपरिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) रमेश कुमार खैरवार को आखिरकार हटाने की कार्रवाई कर दी गई है। प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (PCCF) रायपुर, व्ही. श्रीनिवास राव ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कड़ा कदम उठाया है। अब रमेश खैरवार को तत्काल प्रभाव से सीसीएफ कार्यालय बिलासपुर में अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मरवाही रेंजर के कार्यकाल के दौरान लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि रमेश खैरवार ने कई कामों के नाम पर फर्जी भुगतान, मजदूरी बिलों में हेराफेरी, और गोबर खाद घोटाले जैसे मामलों में शासकीय राशि का दुरुपयोग किया। जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने बिना स्वीकृति निजी समितियों के माध्यम से शासकीय राशि का गलत इस्तेमाल किया और मरवाही वनपरिक्षेत्र में वन तस्करों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोपों में भी संलिप्त पाए गए।

