बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोते जाने से आक्रोश युवा कांग्रेस ने तीन दिन में गिरफ्तारी की चेतावनी दी
कवर्धा/लोहारा। कवर्धा जिले के लोहारा क्षेत्र में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोते जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया है। इस निंदनीय कृत्य के विरोध में युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को तीन दिनों के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है, साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों के साथ सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों में गहरा रोष व्याप्त है। लोग इसे समाज में वैमनस्य फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने का सुनियोजित प्रयास बता रहे हैं।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चंद्रभान कोसले एवं विधानसभा अध्यक्ष वाल्मिकी वर्मा ने कहा कि — “यह केवल बाबा साहब का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक एकता पर सीधा प्रहार है। यदि प्रशासन शीघ्र दोषियों को गिरफ्तार नहीं करता, तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी।”
नेताओं ने मांग की है कि प्रदेशभर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा के ठोस प्रबंध किए जाएँ और इस मामले में शामिल तत्वों को उदाहरणात्मक सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने का साहस न जुटा सके।
युवा कांग्रेस ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मामले में अब तक गिरफ्तारी न होना गंभीर लापरवाही का परिचायक है।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं आम नागरिक एकत्र हुए और बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में नारे लगाते हुए न्याय की मांग की।
लोहारा में हुई यह शर्मनाक घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है, जहाँ हर वर्ग के लोग एकजुट होकर संविधान निर्माता के प्रति सम्मान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा की आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।

