धमतरी का गौरव अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू बने छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के सदस्य
अधिवक्ता हित सर्वोपरि — यह जीत अधिवक्ता समाज की सामूहिक विजय है : शत्रुहन साहू
उत्तम साहू धमतरी/13 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद चुनाव में धमतरी के वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने उल्लेखनीय विजय प्राप्त कर सदस्य पद हासिल किया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने जिले के अधिवक्ता इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है, क्योंकि यह पहली बार है जब धमतरी से कोई अधिवक्ता स्टेट बार काउंसिल में निर्वाचित हुआ है।
परिणाम घोषित होते ही जिले के अधिवक्ता समाज में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला अधिवक्ता संघ परिसर में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दी गईं।
नवनिर्वाचित सदस्य अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने अपनी सफलता को अधिवक्ताओं की एकता और विश्वास का परिणाम बताते हुए कहा कि, यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज की है।
मेरे लिए अधिवक्ता हित सर्वोपरि हैं और मैं हर अधिवक्ता की आवाज़ को परिषद में सशक्त रूप से उठाऊंगा।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अधिवक्ता कल्याण कोष की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना होगी। साथ ही युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता और वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित करने के लिए नई योजनाएँ लाने पर उनका विशेष ध्यान रहेगा।
साहू ने आगे कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो पहिए हैं, और इनके बीच आपसी सम्मान और संवाद की भावना को मजबूत करना समय की मांग है।
विधि व्यवसाय केवल आजीविका नहीं, बल्कि न्याय और समाज के बीच का सेतु है। यदि अधिवक्ता सशक्त होंगे, तो न्याय की नींव भी मजबूत होगी, उन्होंने कहा, अधिवक्ता साहू ने परिषद में युवा अधिवक्ता प्रोत्साहन मंच’ और ‘डिजिटल लॉ लाइब्रेरी’ जैसी योजनाएँ लागू करने की घोषणा भी की है, ताकि अधिवक्ता समाज आधुनिक तकनीक से जुड़कर और अधिक सक्षम बन सके।
धमतरी जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता बी.के. सिन्हा ने बधाई देते हुए कहा कि , अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू की यह विजय केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम की नहीं, बल्कि धमतरी के अधिवक्ताओं की एकता और सक्रियता का परिणाम है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि अधिवक्ता हितों के सशक्त प्रतिनिधित्व की दिशा में नई शुरुआत करेगी।
वहीं संघ के सचिव अधिवक्ता सौरभ मिश्रा ने कहा कि साहू की जीत ने धमतरी जिले का नाम पूरे प्रदेश में ऊँचा किया है। यह विजय अधिवक्ताओं के विश्वास और मेहनत की सामूहिक सफलता है।
संघ के अन्य सदस्यों — अमित झा, सुनील सोलंकी, जयप्रकाश साहू, सचिन जाचक, दिव्यांशु साहू, अनिल साहू, गोपी कर्रे और कपिल नारायण चलाकी ने भी उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।


