नगरी नगर पंचायत को 1 करोड़ 28 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति
विकास की पटरी पर सरपट दौड़ रही नगर पंचायत नगरी
उत्तम साहू
नगरी/ नगर पंचायत निरंतर विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। नवीन कार्यकारिणी के गठन को अभी एक वर्ष भी पूर्ण नहीं हुआ है, लेकिन अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा एवं नगर के पार्षदों ने चुनाव के दौरान जिन विकासात्मक वादों के साथ जनता से समर्थन मांगा था, वे अब धरातल पर साकार होते दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही में 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति की खुशी अभी नगरवासियों ने पूरी तरह महसूस भी नहीं की थी कि नगर पंचायत नगरी को एक और बड़ी सौगात प्राप्त हुई है। इस बार नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की लागत के 23 विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिससे नगर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास की जो सशक्त धारा प्रवाहित हो रही है, उसी क्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की अनुशंसा पर नगरी नगर पंचायत को अधोसंरचना मद से यह बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।
इस विकास यात्रा में जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा के मार्गदर्शन के साथ-साथ पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह एवं पूर्व विधायक श्रवण मरकाम की विकासपरक सोच और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। परिणामस्वरूप नगरी नगर पंचायत के सभी वार्डों में विकास की अविरल धारा बहती नजर आ रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि चुनाव के दौरान महिलाओं और युवाओं के लिए उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष घोषणाएँ की गई थीं। उन्हीं घोषणाओं को अमलीजामा पहनाते हुए महिला एवं युवा कल्याण से जुड़े अनेक विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है।
स्वीकृत कार्यों में नगर में चौपाटी निर्माण हेतु 15 लाख रुपये, विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन, नाली निर्माण, सीसी एवं बीटी सड़क जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। इन स्वीकृतियों पर नगर पंचायत के पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, विनीत कोठारी, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वर साहू, अलका साव, डगेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, यशकरण पटेल, शंकरदेव एवं हरीश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं सभापति अश्वनी निषाद के प्रति आभार व्यक्त किया।
सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में नगरी नगर पंचायत में विकास की यह गति निरंतर बनी रहे, ऐसी अपेक्षा और अपील भी की है।



