धमतरी जिले में अब तक 40,874 किसानों से 19.03 लाख क्विंटल धान की खरीदी
उत्तम साहू धमतरी, 12 दिसंबर 2025/
जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं किसान-हितैषी बनाया गया है।
जिले की कुल 74 प्राथमिक सहकारी समितियों में अब तक 1,29,188 किसानों द्वारा 1,25,76.91 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है।
15 नवंबर 2025 से प्रारंभ धान उपार्जन के अंतर्गत अब तक 40,874 किसानों से 19,03,630 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 451.50 करोड़ रुपये है। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
आगामी 15 दिसंबर 2025 के लिए 3,035 किसानों को 13,806.62 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन जारी किए गए हैं। सभी खरीदी केंद्रों में सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था, ट्रॉली पार्किंग, तौल मशीनों की उपलब्धता एवं बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पंजीयन से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे तथा प्रतिदिन खरीदी प्रगति की समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए। जिला प्रशासन का लक्ष्य सभी पंजीकृत किसानों का धान समय पर और समर्थन मूल्य पर खरीदी कर उन्हें अधिकतम लाभ पहुंचाना है।

