दो साल से पिता ने नाबालिग बेटी के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार करने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। एक बेरोजगार पिता अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले दो साल से दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग मां, पिता और दो छोटे भाइयों के साथ रहती है। मां घरों में मजूरी करती है, जबकि पिता बेरोजगार था और अक्सर बच्चों को मारपीट करता था। जनवरी 2023 में नाबालिग सहेलियों के साथ नए कपड़े पहनकर पार्क घूमने गई। घर लौटने पर पिता ने इसी बात पर गुस्सा होकर मारपीट की और पहली बार जबरन दुष्कर्म किया। उसके बाद अवसर मिलने पर वह लगातार दुर्व्यवहार करता रहा तथा धमकी देता कि किसी को बताने पर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।
डर के कारण पीड़िता ने दो साल तक चुप्पी साधे रखी। 10 दिसंबर 2025 को स्कूल से लौटते समय फिर अत्याचार झेलने के बाद रास्ते में मां से मिली। रोते हुए उसने सारी बात बताई। मां ने मामले की पुष्टि कर पीड़िता को लेकर महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना और चक्रधर नगर थाना की संयुक्त टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया, "आरोपी से पूछताछ जारी है। मामला गंभीर है, पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।"

